एसआईआर में नाम काटने की फर्जी शिकायतों की जांच की मांग
एसआईआर में नाम काटने की फर्जी शिकायतों की जांच की मांग मुस्लिम समाज में आक्रोश तहसीलदार को दिया ज्ञापन


एसआईआर में नाम काटने की फर्जी शिकायतों की जांच की मांग
मुस्लिम समाज में आक्रोश तहसीलदार को दिया ज्ञापन
छुईखदान===एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के तहत मुस्लिम समाज के लोगों के नाम कटवाने के लिए की गई कथित फर्जी शिकायतों को लेकर क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि अंतिम तारीख से ठीक एक दिन पहले बड़ी संख्या में नाम कटवाने संबंधी आवेदन बीएलओ के पास जमा किए गए, जिससे संदेह और भय की स्थिति उत्पन्न हुई है।
मुस्लिम समाज का कहना है कि जिन लोगों के नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनके खिलाफ भी नाम काटने की शिकायतें की गईं, जो पूरी तरह अनुचित और दुर्भावनापूर्ण प्रतीत होती हैं। समाज का आरोप है कि जानबूझकर मुस्लिम समाज के लोगों को टारगेट किया जा रहा है और नगर का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
जैसे ही यह जानकारी समाज के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए और फर्जी शिकायत करने वालों के खिलाफ जांच व सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहसीलदार श्रीमति मोक्षदा देवांगन को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि नगर में मुस्लिम समाज का वर्षों पुराना निवास है, जहां दादा, पिता, भाई-बहन सभी के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, फिर भी कुछ मामलों में केवल बेटियों या परिवार के सदस्यों के नाम काटने की शिकायतें दी गईं, जो पूरी तरह संदेहास्पद हैं।
समाज ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मुस्लिम समाज ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो लोग फर्जी तरीके से शिकायत कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी समुदाय में भय का माहौल न बने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शेख निजामुद्दीन, शेख इब्राहिम, हाफिज इलियास, अहमद रिज़वी, सज्जाक खान इमरान खान, आमिर खान, अफजल खान, दादू खान, अमजद खान, शेख फरीद खान, शेख नजारुद्दीन, साजिद खान, सैयद आबिद अली, माजिद खान, रेहान बाबा राजा, मोबाइल शोएब खान, शेख वाजिद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।