तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का हुआ शुभारंभ
तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का हुआ शुभारंभ गरबा पंडाल पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए होते रहेंगे आयोजन — गिरिराज किशोर दास




तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का हुआ शुभारंभ
गरबा पंडाल पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह
युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए होते रहेंगे आयोजन — गिरिराज किशोर दास
छुईखदान=== नवरात्रि पर्व के अवसर पर छुईखदान के फुटबॉल मैदान में तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आयोजन को लेकर युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागी गरबा की धुन पर माता की आराधना करते हुए उत्सव में शामिल हो रहे हैं। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।
गरबा पंडाल पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह
महोत्सव के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह गरबा पंडाल पहुंचे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने गरबा में शामिल बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि गरबा नृत्य हिंदू धर्म में नवरात्रि पर्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की जाती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन समिति और क्षेत्र के राजा गिरिराज किशोर दास के प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना उद्देश्य — गिरिराज किशोर दास
दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक राजा गिरिराज किशोर दास ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ही हम अपनी परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ा सकते हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
बच्चे, छात्र-छात्राएं और महिलाएं बढ़-चढ़कर ले रहे हिस्सा
रास गरबा महोत्सव में छुईखदान क्षेत्र के बच्चे, छात्र-छात्राएं, माताएं और बहनें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों के उत्साह से आयोजन स्थल पर रौनक बनी हुई है। तीन दिवसीय महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में नवरात्रि का धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु भक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ माता की आराधना कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने की विशेष तैयारियां
महोत्सव को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य अनुराग सोनी, अनिमेष महोबिया, निलेश गुप्ता, शैव्या वैष्णव, भैयू जैन सहित नगर पंचायत के पार्षदों ने आवश्यक तैयारियां कीं।
इस अवसर पर जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष आयश सिंह बोनी, संजय महोबिया, पार्षद महेश नारकर, मनीष कोचर, राजू ऊके, शैव्या वैष्णव, संतोष कामड़े, राजेश चौबे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार सज्जाक खान ने किया।
तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव के माध्यम से छुईखदान में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामुदायिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।